VIDEO :जिला पंचायत की बैठक में हंगामा, आपस में ही उलझ गए भाजपा के दो विधायक जाने क्या है मामला
- हंगामे के बीच मनरेगा का 2.05 अरब ₹ (लेबर बजट )अनुमोदित
- बोर्ड की बैठक में सदस्यों के प्रतिनिधियों के बैठने को लेकर दिखा गतिरोध
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिला पंचायत महराजगंज के बोर्ड की बैठक में शनिवार को हंगामा देखने को मिला। बात इस कदर बिगड़ गई कि मंच पर आसीन भाजपा के दो विधायक कुर्सी से खड़े होकर आपस में ही उलझ गए। कहासुनी शुरू हो गई। नौतनवा विधायक के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में हंगामे के बीच मनरेगा का लेबर बजट 2051029997 रूपया अनुमोदित किया गया।
लोक सभा चुनाव के बाद जिले में भाजपा के अंदर मनमुटाव की खबरें आ रही थीं। शनिवार को जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में सत्ता पक्ष के ही विधायकों के बीच कहासुनी के बाद अंदरूनी लड़ाई सामने आते हुए दिखी। बात इतनी बढ़ गई कि मंच पर बैठे दो भाजपा विधायक तो कुर्सी छोड़ तनकर खड़े हो गए। तेज आवाज में ऐसे चिल्लाने लगे मानों अभी मारपीट हो जाएगी। विधायकों के बीच कहासुनी का यह नजारा देख वहां मौजूद जिला पंचायत सदस्यों ने खूब मजे लिए। वहीं कांग्रेस से फरेंदा के विधायक ने भी जिला पंचायत को भ्रष्टाचार का अड्डा कह दिया।
सदन की कार्यवाही दोपहर करीब 12 बजे से शुरू हुई। जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी, विधायक सिसवा प्रेमसागर पटेल व विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया की मौजूदगी में कार्यवाही शुरू की गई। इस दौरान फरेंदा विधायक ने कहा कि बैठक के लिए जारी एजेंडा के अनुसार इसमें केवल जनप्रतिनिधि रहेंगे उनके प्रतिनिधि नहीं रहेंगे। इसका समर्थन सिसवा के विधायक प्रेम सागर पटेल ने भी किया लेकिन सदर विधायक ने इस पर ऐतराज जताया। इसके बाद विधायकों में तीखी नोंकझोंक हो गई। दोनों कुर्सी पर खडे़ हो गए। नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया।
फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिला पंचायत भ्रष्टाचार का अड्डा हो गया है। जिला पंचायत सदस्यों की उपेक्षा की जा रही है। काम बड़े लोग बार बार पा रहे हैं। यहां 43 फीसदी कमीशन पर काम होता है। इसको लेकर वह विधानसभा में भी इस मुद्दे को उठा चुके हैं। 43 फीसदी कमीशन के बाद आपको लगता है कि सड़क पर कुछ काम नजर आएगा। यहां सिर्फ लूट है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में ई टेंडर पड़ रहा है लेकिन महराजगंज जिला पंचायत में कुछ चुनिंदा लोगों को ही काम मिलता है। विधायक ने मानसून आफर पर कहा कि जिला पंचायत में 47 सदस्य हैं। बोर्ड का जितना बजट है कर्मियों, अधिकारियों व पदाधिकारियों का वेतन देने के बाद जितना धन बचे उससे क्षेत्र मे विकास कार्य कराने के लिए सदस्यों में बराबर बराबर बांट देना चाहिए। यही तो मानसून आफर है।
बोर्ड की बैठक में मनरेगा का बजट पास
महराजगंज जिला पंचायत सभागार में हुई बैठक में बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए मनरेगा का बजट पास किया। इसमें कुल लेबर बजट 2051029997 रूपये अनुमोदित किया गया। इसमें श्रमांश (60 प्रतिशत) 1230617997 रूपये स्वीकृत किया गया। वहीं सामग्री मद (40 प्रतिशत)में 820411998रूपये पास किया गया।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला